
आरोपियों के गिरफ्तार न होने पर नपकर्मियों ने दी हड़ताल की चेतावनी*
*गंभीर रूप से घायल कैशियर अस्पताल में भर्ती*
*सीसीटीवी कैमरे बंद कर की गई मारपीट, अध्यक्ष की चुप्पी पर उठे सवाल*
प्रदेश की कई नगरीय निकायों में घटना को लेकर आक्रोश हो सकती है प्रदेश व्यापी हड़ताल
डेस्क
बैतूल :- नगर परिषद आठनेर एक बार फिर विवादों में घिर गई है। गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों की मौजूदगी में कैशियर दुर्गादास लोखंडे और महिला कर्मी योगिता लकड़े के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद पूरे नगर में हड़कंप मच गया है। आरोपियों ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर इस घटना को अंजाम दिया, जिससे कर्मचारियों में भय और आक्रोश फैल गया है। इस घटना ने नगर परिषद की प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि नपा अध्यक्ष की चुप्पी ने और भी संदेह को जन्म दिया है।
*कैशियर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया*
मारपीट की घटना में कैशियर दुर्गादास लोखंडे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन हालत बिगड़ने के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित करना पड़ा। महिला कर्मी योगिता लकड़े, जो बीच बचाव के दौरान हमले का शिकार हुईं, ने भी अपनी शिकायत आठनेर थाना प्रभारी और पुलिस अधीक्षक बैतूल से की है। कर्मचारियों का कहना है कि यह हमला योजनाबद्ध था और नपा अध्यक्ष/उपाध्यक्ष एवं पार्षदों कि उपस्थित में ही इसे अंजाम दिया गया।
*आरोपियों के गिरफ्तार न होने से कर्मचारियों में आक्रोश*
घटना के बाद कर्मचारियों में आक्रोश इतना बढ़ गया है कि शुक्रवार को एक सैकड़ा से अधिक नगर परिषद कर्मियों ने काम बंद कर हड़ताल की चेतावनी दी है। नगर पालिका मजदूर संघ के बैनर तले कर्मियों ने नगर परिषद अध्यक्ष और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्यवाही नहीं की गई तो नगर परिषद का सारा कामकाज ठप कर दिया जाएगा।
*विरोध प्रदर्शन की रणनीति*
नगर परिषद कर्मियों का कहना है कि प्रशासन ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने यह साफ कर दिया कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो यह विरोध प्रदर्शन और उग्र रूप ले सकता है।
बल्कि प्रदेश व्यापी हड़ताल भी हो सकती है । इस घटना को लेकर प्रदेश की सेकडो नगरीय निकायों के कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया है।
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि नपा अध्यक्ष की चुप्पी इस पूरे मामले को और अधिक संदिग्ध बना रही है।
*टीआई का कहना*
इस घटना के संबंध में आठनेर थाना प्रभारी बबीता उईके ने बताया की प्रकरण दर्ज किया गया है और सोमवार तक आरोपियों पर कार्यवाही हो सकती है। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया है की दोषियों के खिलाफ उचित कदम उठाए जाएंगे।
*नपा अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल*
नगर परिषद आठनेर में बीजेपी की नगर सरकार बनने के बाद से ही कार्यालय विवादों में घिरा रहा है। सत्ता पक्ष के पार्षदों के बीच तालमेल की कमी से कार्यालय का कामकाज बार-बार प्रभावित हो रहा है। इस घटना के बाद कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों ने भी नपा अध्यक्ष और उनकी टीम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। नगर परिषद के कर्मचारियों का कहना है कि ऐसे माहौल में काम करना असुरक्षित और मुश्किल होता जा रहा है।
*आगामी कदम*
नपाकर्मियों का यह भी कहना है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तो शायद उन्हें हड़ताल का सहारा लेना के लिए बाध्य होना पड़ेगा। जिससे शहर का पूरा प्रशासनिक तंत्र ठप हो जाएगा। वहीं, नगर परिषद अध्यक्ष और अन्य अधिकारियों की तरफ से अभी तक कोई ठोस बयान सामने नहीं आया है।
आठनेर में यह घटना एक बड़ी प्रशासनिक असफलता की ओर इशारा कर रही है और अगर जल्द ही समाधान नहीं निकला तो यह मामला और भी गंभीर हो सकता है। कर्मचारियों की हड़ताल से शहर की व्यवस्था पूरी तरह से ठप होने की संभावना है, जिससे आम जनता को भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस अधीक्षक का कहना
नगरीय निकाय लिपिक वर्गीय संरक्षक कल्याण संघ के संरक्षक गजेन्द्र माहेश्वरी ने इस घटना को लेकर चर्चा की तो आश्वत किया गया की अतिशीघ्र आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही कर उन्हे गिरफ्तार किया जावेगा पुलिस अपना कार्य कर रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष का कहना
नगरीय निकाय लिपिक वर्गीय संरक्षक कल्याण संघ के सरंक्षक गजेन्द्र माहेश्वरी द्वारा इस घटना को लेकर चर्चा की गई तो उन्होंने बताया की में कर्मचारियों के साथ हु और उनसे चर्चा हो रही है जो घटना हुई निंदनीय है और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही हेतु पुलिस से चर्चा की जा रही है।
आठनेर थाना प्रभारी का कहना
आठनेर थाना प्रभारी से नगरीय निकाय लिपिक वर्गीय संरक्षक कल्याण संघ के सरंक्षक गजेन्द्र माहेश्वरी ने चर्चा की तो बताया की प्रकरण दर्ज किया गया और मेडिकल रिपोर्ट आती है तो विभिन्न धाराएं जो नियमानुसार आवश्यक होगी बढ़ाई जाकर प्रकरण को विवेचना कर जो भी आरोपी होंगे उनके खिलाफ विधि अनुसार कार्यवाही होगी किसी को भी छोड़ा नहीं जायेगा।
नगरीय निकाय लिपिक वर्गीय संरक्षक कल्याण संघ के अध्यक्ष का कहना
नगरीय निकाय लिपिक वर्गीय संरक्षक कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र चक्रवर्ती का कहना है की में खुद अपने अन्य कर्मचारी साथियों के साथ आठनेर जा रहा हु और कर्मचारियों से चर्चा कर उनका पक्ष जानने के बाद अगर आवश्यक हुआ तो प्रदेश के अन्य कर्मचारी संगठन से चर्चा कर प्रदेश व्यापी आंदोलन आवश्यकता होने पर चलाया जा सकता है ।अभी पुलिस क्या कार्यवाही करती उसका इंतजार है।
वीरेन्द्र चक्रवर्ती
अध्यक्ष
नगरीय निकाय लिपिक वर्गीय संरक्षक कल्याण संघ भोपाल
नगरीय निकाय लिपिक वर्गीय संरक्षक कल्याण संघ के सरंक्षक
गजेन्द्र माहेश्वरी का कहना है की मेरे द्वारा पुलिस अधीक्षक महोदय,नगर पालिका अध्यक्ष,थाना प्रभारी आठनेर से इस प्रकरण की लेकर चर्चा हुई उनके द्वारा सकारात्मक जवाब दिया गया अब पुलिस क्या कार्यवाही करती है उसके बाद ही आगामी रणनीति पर विचार कर कोई कदम उठाया जावेगा।
गजेन्द्र माहेश्वरी
सरंक्षक