
जिला ब्यूरो
झाबुआ 12 सितम्बर, 2024:- वर्तमान में बारिश के मौसम में मच्छर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुन्या के प्रसार की संभावना बनी रहती हैं। रोगों से बचाव एंव नियंत्रण हेतु जिले के समस्त विकासखण्डों के शहरी एंव ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग द्वारा रोग प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा रही है। शहरी क्षेत्र में रोगी पाये जाने पर शहरी आशा एंव फील्ड वर्कर के द्वारा रोगी के घर एंव उसके आसपास के क्षेत्र में फॉगिंग तथा लार्वा सर्वे किया जा रहा है। पिछले दिनों कल्याणपुरा ब्लाक के ग्राम नेगडिया में डेंगू प्रभावित रोगी के ग्राम में जिला मलेरिया अधिकारी श्री डी.एस.सिसोदिया एंव ब्लाक के प्रभारी मलेरिया निरीक्षक श्री धनसिंह चौहान द्वारा ग्राम में भ्रमण कर रोगी एंव परिवार से सम्पर्क कर ग्राम में फॉगिग एंव लार्वा सर्वे किया। ग्राम रंभापुर में रोगी के घर एंव उसके आसपास के घरों में फॉगिंग एंव लार्वा सर्वे कर ग्राम को वाहक रोगों से संरक्षित किया। विभाग द्वारा निरंतर ग्रामीण एंव शहरी क्षेत्र में भ्रमण कर मलेरिया प्रभावित वार्ड में लार्वा सर्वे एंव फॉगिंग कर रहवासियो को वाहक रोगों से सरंक्षित किया जा रहा है। जिन घरों में पानी से भरे कन्टेनर, पानी की टंकी, घरों में रखे पानी के बर्तनों, कूलर, घर की छतों पर जमा बेकार टायर, फूलदान, सीमेट एंव टंकी व अन्य पानी के कन्टेनर जिसमें एक सप्ताह से अधिक पानी जमा है, इन सभी को खाली करने हेतु रहवासियों को समझाईश दी गई है, ताकि मच्छरों की पैदाईश को रोका जा सके।
शहरी एंव ग्रामीण रहवासियों से अपील है कि सर्वे दल को पूर्ण सहयोग देकर फॉगिंग एंव लार्वा सर्वे में अपना योगदान देवें। अपने घरों में मच्छर जाली लगाये, आम-जन को पूरी बांह के कपड़े तथा मच्छरदानी रात को एंव दिन में सोते समय उपयोग करें, नीम का धुंआ अवश्य करें, घरों में पानी के कंटेनरों की साप्ताहिक रूप से नियमित साफ-सफाई करें, अपने घरों के आस-पास पानी को जमा न होने दे, घरों के छतों पर बेकार टायर, फूलदान, गमलों पर अनावश्यक पानी को जमा न होने दे एंव जमा हुए पानी को निकाल दे। घर के किसी भी सदस्य को बुखार आने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क या स्वास्थ्य कार्यकर्ता या नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर करवाने की सलाह दी गई।