अतिवृष्टि की स्थिति से निपटने के लिए सजग रहे प्रशासन कहीं भी जनधन की हानि नहीं हो

नुकसानी की स्थिति में शीघ्रता राहत मुहैया कराई जाए

मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अतिवृष्टि से निर्मित स्थिति की समीक्षा

कलेक्‍टर ने जिले की स्थिति से मुख्‍यमंत्री को अवगत कराया

विवेक मालवीय जिला ब्यूरो चीफ राजगढ़ – प्रदेश के मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को वीडियो कांफ्रेंस से प्रदेश में अतिवृष्टि से निर्मित स्थिति की जिलेवार समीक्षा की। इस दौरान उन्‍होंने कहा कि किसी भी स्‍थान पर अतिवृष्टि से जन धन के नुकसान की स्थिति न बनें इस बात का जिला कलेक्‍टर विशेष ध्‍यान रखें। नुकसानी की स्थिति में शीघ्रता नियमानुसार राहत राशि मुहैया कराई जाए। जीर्णशीर्ण एवं क्षति‍ग्रस्‍त मकानों का भी चिन्‍हांकन किया जाए। इस प्रकार के मकानों से किसी को कोई नुकसान पहुंचे।
वीडियो कांफ्रेंस में मुख्‍य मंत्री ने कहा कि सभी स्‍थानों राहत एवं बचाव दल सक्रिय रहें एवं उचित स्‍थानों पर तैनात रहें। चिकित्‍सा दल सतर्क रहें एवं आवश्‍यक दवाओं की पर्याप्‍त उपलब्‍धता रहे। निचली बस्तियों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम रखे जाएं। राहत शिविरों में भोजन, ठहरने एवं उपचार व्‍यवस्‍था के इंतजाम रहें। मुख्‍यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी स्‍थानों पर शुद्ध पेयजल की उपलब्‍धता रहे। जल स्‍त्रोतों का क्‍लोरीनेशन कराया जाए। किसी भी स्‍थान पर दूषित पेयजल का उपयोग न हो। बांधों से पानी छोड़ते समय डाउनस्‍ट्रीम क्षेत्रों में पूर्व से सूचना दी जाए। साथ ही वहां सुरक्षा के पर्याप्‍त इंतजाम रखे जाएं। सडकों एवं पुल-पुलियों पर सुरक्षा इंतजामों पर विशेष ध्‍यान दिए जाए। इसके साथ ही पशुओं की सुरक्षा एवं स्‍वास्‍थ्‍य पर भी इस दौरान विशेष ध्‍यान देने की जरूरत है। उन्‍होंने कहा कि जिनके मकान क्षतिग्रस्‍त हो गए हैं उन्‍हें शीघ्रता से राहत राशि उपलब्‍ध कराई जाए।
कलेक्‍टर ने जिले की स्थिति से अवगत कराया
वीडियों कांफ्रेंस में कलेक्‍टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने जिले की स्थिति से मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अवगत कराया। कलेक्‍टर ने बताया कि जिले में स्थिति नियंत्रण में हैं। अतिवृष्टि के चलते स्‍कूलों में छुट्टी कर दी गई है। सभी स्‍थानों पर सुरक्षा के पर्याप्‍त बंदोबस्‍त किये गए हैं। किसी भी प्रकार की नुकसानी की स्थिति में तत्‍काल राहत की व्‍यवस्‍था की गई है। वे स्‍वंय एवं पुलिस अधीक्षक जिले का सतत् भ्रमण कर स्थिति पर निगरानी भी रख रहे हैं।
वीडियो कांफ्रेंस में पुलिस अधीक्षक श्री आदित्‍य मिश्रा एवं मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री महीप किशोर तेजस्‍वी भी मौजूद थे।
नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण
वीडियो कांफ्रेंस के उपरांत कलेक्‍टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री आदित्‍य मिश्रा ने जिला स्‍तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्‍होंने जिले के मैदानी क्षेत्रों से सूचना तंत्र मजबूत रखने के निर्देश दिए। कलेक्‍टर ने कहा कि पुलिस थानों से भी नियंत्रण कक्ष संपर्क में रहे। किसी भी प्रकार की सूचनाओं के आदान-प्रदान में शिथिलिता न बरती जाए।
अधिकारियों को निर्देश
इस दौरान कलेक्‍टर ने जिले के प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी अतिवृष्टि के दौरान पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहें। सभी आवश्‍यक स्‍थानों पर राहत एवं बचाव दल तैनात रहें। जरूरत वाले स्‍थानों पर राहत एवं बचाव उपकरण तैयार रखे जाएं। स्‍वास्‍थ्‍य सुविधओं की पूरी सजगता से उपलब्‍ध रहे। स्‍वास्‍थ्‍य दलों की जानकारी नियंत्रण कक्ष में उपलब्‍ध हो। उन्‍होंने कहा कि अन्‍य नुकसानी के अलावा फसल क्षति की जानकारी भी संकलित की जाए।

jtvbharat
Author: jtvbharat