
जिला ब्यूरो चीफ रेखा लहासे
बुरहानपुर- आज जिला चिकित्सालय में राष्ट्रीय सिकल सेल उन्मूलन मिशन के तहत सिकल सेल से ग्रस्त बच्चों को सेकेण्डरी इन्फेक्शन से बचाने के लिए एक दिवसीय कैम्प का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों की नियमित रूप से मॉनीटरिंग, स्क्रीनिंग के साथ-साथ उनकी प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाना है। वैक्सीनेशन से बच्चों में बीमारियों से लड़ने की क्षमता बढ़ेगी। आयोजित कैम्प में विभिन्न क्षेत्रों से आये 26 बच्चों का वैक्सीनेशन किया गया।
कैम्प के शुभारंभ अवसर पर बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनीस, कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल, जनप्रतिनिधिगण, सीएमएचओ डॉ. राजेश सिसोदिया सहित स्वास्थ्य विभाग का अमला उपस्थित रहा। इस अवसर पर बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनीस ने अपने संबोधन से उपस्थितजनों को लाभान्वित किया। उन्होंने कहा कि सिकल सेल से ग्रसित मरीजों का नियमित फॉलोअप ले एवं उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया जाये।
कलेक्टर सुश्री मित्तल ने आयोजित शिविर में उपस्थित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिला चिकित्सालय परिसर में किये जा रहे निर्माण कार्यो का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देशित किया कि, मानव संसाधन पूर्ति हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कर ली जाये। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश पाटीदार भी मौजूद रहे।