शिक्षण गतिविधियों में सी. एम.राइज विद्यालय का स्थान विशिष्ट

सृजन कार्यक्रम में बच्चों और शिक्षकों का सम्मान किया

गौरव टांकवाल पिपलौदा । परंपरागत ढर्रे से हट कर विभिन्‍न गतिविधियों तथा शिक्षण विधियों से शाला ने क्षेत्र में अपना विशिष्‍ट स्‍थान बनाया है। सी.एम.राइज विद्यालय शासन की महती योजना है तथा इससे विद्यार्थियों का संपूर्ण विकास होगा। यह बात नगर परिषद अध्‍यक्ष उपमा पटेल ने सी.एम.राइज विद्यालय के सृजन कार्यक्रम में मुख्‍य अतिथि की आसंदी से कही। उन्‍होंने विकास तथा गतिविधियों के क्रम इसी प्रकार निरंतर रखने की प्रेरणा प्रदान की। कार्यक्रम की अध्‍यक्षता करते हुए सहायक संचालक एवं विकासखण्‍ड शिक्षा अधिकारी अभिषेक यादव ने उपस्थित पालकों तथा छात्रों को प्रेरणा प्रदान करते हुए कहा कि मंच, मैदान तथ कक्षा की गतिविधियों में छात्रों का सराहनीय प्रदर्शन है तथा शिक्षकों की प्रेरणादायक भूमिका से तहसील क्षेत्र में सी.एम.राइज विद्यालय पिपलौदा ने अलग ही छवि स्‍थापित की है।
कार्यक्रम में प्राथमिक, माध्‍यमिक तथा उच्‍चतर माध्‍यमिक प्रभाग के छात्रों ने प्रदर्शनी लगा कर संस्‍था की विभिन्‍न गतिविधियों को प्रस्‍तुत किया। खेल गतिविधियों में राज्‍य तथा राष्‍ट्रीय स्‍तर पर प्रदर्शन करने वाली अंजा चंद्रवंशी तथा भूमिका परिहार को पुरस्‍कृत किया गया। विभिन्‍न कक्षाओं में शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्रदान करने वाले शिक्षकों का सम्‍मान किया गया। गत वर्ष बोर्ड परीक्षा में जिले की मेरिट में स्‍थान बनाने वाली हिमांशी पोरवाल व वर्षा पाटीदार को भी सम्‍मानित किया गया। सभी कक्षाओं में त्रैमासिक परीक्षा में उत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्‍कार प्रदान किया। इस अवसर पर कक्षाओं की विशेष सज्‍जा की गई थी तथा प्रिंट समृद्ध वातावरण से पालकों तथा जनप्रतिनिधियों को अवगत करवाया गया तथा ऑडियो विजुअल माध्‍यम से वर्षभर की उपलब्धियों की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में संभागीय प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित अनंता माधव ने शाला के विभिन्‍न कक्षों, प्रिंट समृद्ध वातावरण तथा सी.एम.राइज की गतिविधियों का अवलोकन कर संतोष व्‍यक्‍त किया। कार्यक्रम में नगर परिषद उपाध्‍यक्ष ओमप्रकाश चंद्रवंशी, पूर्व नपाध्‍यक्ष श्‍यामबिहारी पटेल, जन अभियान परिषद के गणपत जाधव ने भी विचार व्‍यक्‍त किए। छात्र-छात्राओं के पालकों ने शाला की गतिविधियों तथा उनके बच्‍चों की प्रगति के सम्‍बन्‍ध में विचार प्रस्‍तुत करते हुए संस्‍था में शिक्षण को उत्‍कृष्‍ट बताया। प्राचार्य संजय कुमार शर्मा ने विगत 2 वर्षों की प्रगति तथा गतिविधियों की जानकारी का प्रतिवेदन प्रस्‍तुत किया। संस्‍था के डॉ.मनीषा टैगोर, सुदर्शन पालीवाल, अर्जुनसिंह राठौर, रितेश सुराणा, अशोक सोलंकी, अनामिका त्रिवेदी, प्रिंस जगरिया, अंशुल शर्मा, इसरार शेख, विजेन्‍द्रसिंह राठौर, हिर्देश राठौर, रतनलाल डिंडोर, बालाराम मालवीय, अंजलि राठौर, अनुराधा राठौर, आरती श्रीवास्‍तव, पूजा सूर्यवंशी, जितेन्‍द्र पाटीदार, विशाल परमार, रविशर्मा आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ.दीपिका शर्मा ने किया तथा आभार धर्मेन्‍द्र पाटीदार ने माना।

jtvbharat
Author: jtvbharat