
लोहारदा जितु सिंगी :- एक ओर कलेक्टर ऋषभ गुप्ता एवं संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन राजीव निगम द्वारा
नगर में प्रधानमंत्री की महत्वपूर्ण योजनाओं पीएम स्वनिधि एवं स्वनिधि से समृध्दि के प्रचार प्रसार करने के लिए कार्यशाला आयोजित की जा रही है वहीं दूसरी ओर नगर पंचायत द्वारा कार्यक्रम में देश के चौथे स्तंभ को नजरंदाज करना नगर में दिनभर चर्चा का विषय बना रहा। नगरवासियों का कहना था कि नगर पंचायत अधिकारी कर्मचारियों द्वारा हमेशा ही योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक ना पहुंचाकर सिर्फ अपने लोगों तक ही सीमित रखी जाती है, जिससे कई पात्र हितग्राही आज तक योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हैं, वहीं यदि हर योजनाओं की सही तरीके से जांच की जाएंगी तो कई अपात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ लेते नजर आएंगे। नगर के पत्रकारों को यदि कार्यक्रम में आमंत्रण दिया जाता तो अखबार के माध्यम से योजना की जानकारी पूरे नगर को मिल जाती, जो शायद अंदर बैठे भ्रष्ट अधिकारियों को रास नहीं आता।
कोई प्रचार प्रसार नहीं किया :- नगरवासियों ने बताया कि नगर पंचायत ने कार्यक्रम आयोजित करने से पूर्व नगर में भी किसी प्रकार का प्रचार प्रसार नहीं किया, ना तो किसी प्रकार का कोई एनाउंसमेंट किया गया और ना ही किसी प्रकार से कोई मौखिक या लिखित प्रचार किया गया, जिसकी वजह से कार्यक्रम में आधी से ज्यादा कुर्सियां ही खाली पड़ी रही। जब किसी योजना की जानकारी आम नागरिकों को देना ही नहीं है तो फिर कार्यक्रम आयोजित कर हजारों रूपए के बिल लगाना समझ से परे है।
हमें परियोजना अधिकारी द्वारा जन-प्रतिनिधियों एवं हितग्राहियों को बुलाने के लिए निर्देशित किया गया था :- मुख्य नगर पंचायत अधिकारी अब्दुल रऊफ खान
नगर परिषद द्वारा मुझे भी सुबह ही सूचना दी गई, कई लोगों को तो वहां पहुंचकर मैंने फोन कर बुलाया, कार्यक्रम में पूरे पार्षद भी मौजूद नहीं थे :- पार्षद प्रमिला सिरसोट