बदनावर पुलिस ने 25 लाख 60 हज़ार का गांजा जब्त किया: आरोपियों ने खेतो में लगा रखे थे पौधे

1 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार

बदनावर । राजेश चौहन ।
बदनावर पुलिस ने नशाखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग अलग खेतो से 640 गांजे के अवैध पौधे जब्त करने में बड़ी सफलता प्राप्त की है। जब्त गांजे की कीमत 25 लाख 60 हज़ार रुपए बताई गई है। पुलिस ने अवैध रूप से गांजे की खेती करने के मामले में 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य 2 आरोपी फरार है। पुलिस ने नशाखोरी को लेकर एसपी मनोज कुमार सिंह व एडिशनल एसपी डॉ इंद्रजीत बाकलवार के निर्देश पर तथा एसडीओपी शेरसिंह भूरिया के मार्गदर्शन में टीआई दीपकसिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। जिसमे यह सफलता मिली है।

3 टीम बनाई-एक साथ दी दबिश

टीआई दीपकसिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दौलतपुरा में 3 लोग खेतो में अवैध रूप से गांजे के पौधे लगाकर व्यापार कर रहे है। जिस पर कार्रवाई के लिए 3 टीम बनाई गई। एक टीम में सब इंस्पेक्टर श्वेता प्रजापति, सहायक उपनिरीक्षक शरद कुमार गौड़, प्रधान आरक्षक दिनेश भाभर, आरक्षक धर्मेंद्र चौहान को शामिल किया गया। दूसरी टीम में सब इंस्पेक्टर आकाश सिंह हिंडोलिया, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश सिसोदिया, प्रह्लाद बोरा व आरक्षक विक्की कुशवाह तथा तीसरी टीम में सब इंस्पेक्टर धीरज सिंह राठौर, सहायक उपनिरीक्षक योगेश चौहान व आरक्षक मेहरबान सिंह गुर्जर तथा बहादुर डामोर को शामिल किया गया। तीनो टीम को दबिश के लिए रवाना किया।

फसलों के बीच उगा रखे थे गांजे के पौधे

टीआई दीपकसिंह चौहान ने बताया कि टीम ने ग्राम दौलतपुरा में पप्पू पिता मानसिंह नीनामा के खेत पर छापा मारा। जहां खेत के अंदर फसलों के बीच गांजे के पौधे लगे मिले। पुलिस ने पंचनामा बनाकर खेत मे से अवैध रूप से लगा रखे 120 हरे पौधे जब्त किए। जिसकी कीमत करीब 4 लाख 80 हज़ार रुपये है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया था। दूसरी टीम ने गांव के ही प्रकाश पिता बद्री ओसारी के खेत पर दबिश दी। जहां भी फसलों के बीच मे गांजे के पौधे लगाए हुए मिले। पुलिस ने खेत मे से 120 नग हरे पौधे जब्त किए। जिसकी भी कीमत 4 लाख 80 हजार रुपए है। तीसरी टीम ने भी गांव के बद्री पिता कनीराम निनामा के खेत पर छापा मारा। जहां फसलों के बीच गांजे के पौधे उगा रखे मिले। राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में पुलिस ने पंचनामा बनाकर खेत से 400 नग हरे पौधे जब्त किए। जिसकी कीमत 16 लाख रुपए है।

SP ने की ईनाम देने की घोषणा

टीआई चौहान ने बताया की तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी पप्पू पिता मानसिंह निनामा से उक्त गांजे के संबन्ध में पूछताछ की जा रही है। आरोपी यह गांजा उगाकर कहा व किसे बेचते थे। इसका पता लगाया जा रहा है। वही अन्य फरार आरोपी प्रकाश पिता बद्री ओसारी व बद्री पिता कनीराम निनामा की तलाश की जा रही है। टीआई चौहान ने बताया कि पुलिस द्वारा नशाखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखा जाएगा। उधर पुलिस की इस बड़ी सफलता पर एसपी मनोज कुमार सिंह ने तीनों टीम को उचित इनाम देने की घोषणा भी की है।

jtvbharat
Author: jtvbharat