
बगड़ी
धार जिले के ग्राम रानीपुरा में बुधवार रात एक विवाह समारोह में बराती की मौत हो गई। यहां एक ही परिवार में तीन अलग-अलग स्थानों से बरात आई थी। स्वागत सत्कार चल रहा था, तभी बरात में शामिल 23 वर्षीय महिला की साड़ी जनरेटर में फंस गई। देखते ही देखते महिला भी चपेट में आ गई और उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। महिला का गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद ग्राम आली में अंतिम संस्कार किया गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम कटोड़िया की बरात में ग्राम आली की तनु (23) गौरव चौधरी भी शामिल थी। रात करीब 10 बजे के आसपास रस्में चल रही थीं।
तभी तनु की साड़ी जनरेटर में फंस गई और वह बुरी तरह घायल हो गई। अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई। तनु की डेढ़ साल की बेटी श्रुति है।