
संजय जैन जिला ब्यूरो
झाबुआ 12 दिसम्बर, 2024:- जिविसेप्रा की अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती विधि सक्सेना के संरक्षण में 11 दिसंबर 2024 को जिला न्यायालय परिसर झाबुआ से प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष द्वारा आगामी नेशनल लोक अदालत, जो 14 दिसंबर 2024 को आयोजित की जाएगी, के प्रचार-प्रसार हेतु दो प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
यह प्रचार रथ जिले भर में भ्रमण कर आम जनता को नेशनल लोक अदालत के महत्व, इसके माध्यम से मामलों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान, तथा न्यायालयीन प्रक्रिया में होने वाली समय और धन की बचत के प्रति जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश ने बताया कि नेशनल लोक अदालत में परिवारिक विवाद, भूमि विवाद, ऋण वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर और अन्य सुलह-समझौते योग्य मामलों का त्वरित निपटारा किया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने लंबित मामलों को लोक अदालत में प्रस्तुत करें और सुलह के माध्यम से न्याय प्राप्त करें।
प्रचार रथ को रवाना करने के कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश विवेक सिंह रघुवंशी, प्रथम जिला न्यायाधीश आर.के. शर्मा, द्वितीय जिला न्यायाधीश सुभाष सुनहरे, जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिविसेप्रा हेमन्त सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गौतमसिंह मरकाम, विजय पालसिंह चौहान, न्यायिक मजिस्ट्रेट बलराम मीणा, न्यायालयीन अधिकारीगण, अधिवक्तागण तथा न्यायालय कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।