
ग्रामीणों के विरोध के बाद शासकीय भूमि पर चल रहा निर्माण रुका
बाग:-बाग ब्लॉक की ग्राम पंचायत टकारी के ग्राम घोड़ा में आदि आदर्श ग्राम योजना के तहत स्वीकृत आंगनवाड़ी भवन का निर्माण विवादों में घिर गया है। 13 लाख रुपए की लागत से पटेलपुरा फलिये में बन रहे इस भवन का निर्माण कार्य प्लिंथ लेवल तक पहुंचने के बाद जनपद सीईओ एमएस कुशवाह ने रोक दिया है।
निर्माण कार्य रोकने का कारण जमरापुरा मोहल्ले के रहवासियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की शिकायत बताई जा रही है। उनका कहना है कि भवन उनके मोहल्ले में बनना चाहिए। हालांकि, स्थानीय युवक पंकज बघेल के अनुसार भवन का निर्माण पटवारी द्वारा आवंटित शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 112/1 पर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पटेलपुरा मोहल्ला घनी आबादी वाला क्षेत्र है और गांव के मध्य में स्थित है, जो आंगनवाड़ी के लिए उपयुक्त स्थान है। ग्राम पंचायत की सरपंच गौहरबाई डोडवे ने निर्माण कार्य रोकने को अनुचित बताते हुए कहा कि आंगनवाड़ी भवन पटेलपुरा के लिए ही स्वीकृत हुआ था। अब तक निर्माण में लगभग 2 लाख रुपए खर्च हो चुके हैं।
आई सी डी एस के धार जिला परियोजना अधिकारी सुभाष जैन ने बताया कि निजी जमीन पर निर्माण की शिकायत मिली थी। अब जिला मुख्यालय से महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम के निरीक्षण के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को जिले की टीम ग्राम पंचायत टकारी में निर्माण स्थल का निरीक्षण करेगी। इसके बाद निर्णय लिया जाएगा।