
एजाज खान बुरहानपुर
बुरहानपुर- जिले में आगामी 8 मार्च को नेशलन लोक अदालत का आयोजन किया जाना है। इसी कड़ी में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती आशिता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में बैंक अधिकारियों की बैठक आयोजित रही।बैठक में प्री-लिटिगेशन एवं लिटिगेशन के प्रकरणों की प्रगति एवं अधिक से अधिक प्रकरणों को रैफर कर निराकृत किये जाने के संबंध में चर्चा की गई। समस्त बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम प्रकरणों की सूची, साथ ही प्री-लिटिगेशन के नोटिस शीघ्र अतिशीघ्र प्रेषित करें, ताकि नोटिस की तामिली समय पर की जा सके।
नेशनल लोक अदालत में प्रकरणों का अधिक से अधिक निराकरण किये जाने हेतु प्रत्येक बैंक को पक्षकारों की सुविधा हेतु एक हेल्प डेस्क स्थापित करना सुनिश्चित किया जाये। जिससे पक्षकारों को सही मार्गदर्शन मिल सकंे एवं न्यायालय में लंबित विभिन्न समझौता योग्य मामलों के साथ ही विभिन्न प्रकार के प्रीलिटिगेशन प्रकरणों का भी आपसी सुलह समझौते के आधार पर निराकरण किया जा सके। बैठक में प्रथम जिला न्यायाधीश सूर्य प्रकाश शर्मा, जिला न्यायाधीश इन्दु कान्त तिवारी, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अजय कुमार यदु, अग्रणी शाखा प्रबंधक महावीर प्रसाद राय व समस्त बैंक अधिकारीगण उपस्थित रहे।