ईसाई मिशनरीज द्वारा किये जा रहे अवैध निर्माण कार्य को रोकने की मांग

– जनजातीय समाजजन ने जताई धर्मांतरण बढ़ने की आशंका
– रैली निकालकर नगर परिषद बिस्टान के सीएमओ को सौंपा ज्ञापन
बिस्टान। नगर परिषद बिस्टान के सीमा क्षेत्र में ईसाई मिशनरीज द्वारा करीब 10 एकड़ भूमि पर बीते चार माह से किए जा रहे हैं निर्माण कार्य से वनवासी क्षेत्र के जनजातीय समाज में भारी आक्रोश है। सोमवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा संयुक्त रैली निकालकर नगर परिषद सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर आक्रोश जताया। मिशनरीज द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण कार्य को तत्काल रोकने की मांग की।
सोमवार को बिस्टान में जनजातीय सुरक्षा मंच के बैनर तले बन्हेर रोड से रैली निकली। रैली में शामिल कार्यकर्ता व पदाधिकारी आदिवासी क्षेत्र में धर्मांतरण रोकने, ईसाई मिशनरी की अवैध गतिविधि पर रोक लगाने, एक रहेंगे, नेक रहेंगे.. , बटेंगे तो कटेंगे… आदि नारे लगाते हुए चल रहे थे। रैली बस स्टैंड से होकर नगर परिषद कार्यालय पहुंची। जनजातीय सुरक्षा मंच के प्रांत संयोजक मेहताबसिंह बर्ड, भाजपा बिस्टान मंडल अध्यक्ष बंटी राठौर, भाजपा अजजा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रेमलाल मोरे, वार्ड-13 नगर परिषद पार्षद किरण प्रेमलाल मोरे ने अलग-अलग ज्ञापनों का वाचन किया। ज्ञापन में कहा गया कि ईसाई मिशनरी द्वारा बिस्टान नगर परिषद क्षेत्र में करीब 10 एकड़ भूमि पर चर्च व स्कूल का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही मिशनरी द्वारा देश के पांचवीं अनुसूची में शामिल क्षेत्र के प्रत्येक जिले में भोले-भाले जनजाति समुदाय के ग्रामों में जनजाति समाज की संस्कृति, जीवन शैली, उनकी आस्था, परंपरा के विरुद्ध जाकर ईसाई धर्म संस्कृति से संबंधित कार्यक्रम किए जा रहे हैं। जनजाति समाज में युवाओं को उनकी संस्कृति, जीवन शैली व परंपरा से भड़काया जा रहा है। यह सभी कार्य पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में कानूनी रूप से निषिद्ध है, क्योंकि पांचवी अनुसूची क्षेत्र का प्रावधान जनजाति समुदाय की संस्कृति, जीवन शैली को सुरक्षित करने के लिए किया गया है। पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में जनजाति समुदाय की संस्कृति, परंपरा को सुरक्षित रखना जिला प्रशासन का कार्य है। ज्ञापन में कलेक्टर की बगैर अनुमति धर्म परिवर्तन करने, चर्च व ईसाई शिक्षण संस्थानों की स्थापना पर रोक लगाने की मांग की गई। बिस्टान नगर परिषद क्षेत्र में जारी अवैध निर्माण को तत्काल रोकने की मांग करते हुए भविष्य में आंदोलन की चेतावनी दी गई है। इस अवसर पर धर्म जागरण विभाग के पूर्व जिला सचिव ओमप्रकाश आर्य, विश्व हिंदू परिषद के भगवानपुरा प्रखंड अध्यक्ष रूपेंद्र मंडलोई, मंत्री लोकेंद्र राजपूत, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार, अजजा मोर्चा जिला कार्यालय मंत्री रवि मोरे, बिस्टान मण्डल महामंत्री जितेंद्र मंडलोई, मंडल मीडिया प्रभारी राजेश मालवीया, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रवीण कुशवाह, आकाश ठाकुर, भूपेंद्र नायक, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि संतोष सोलंकी, अमित पंवार, नामदेव राठौर, संदीप राठौर, अखिलेश वर्मा, गंगाराम पाटिल, राधेश्याम चौहान, शिवम वर्मा, कमलेश राठौर आदि उपस्थित थे।

jtvbharat
Author: jtvbharat