जिला दंडाधिकारी और पुलिस अधीक्षक बड़वानी के नेतृत्व में हुआ गणतंत्र दिवस परेड भव्य आयोजन

सृजन बालिकाओं का प्लाटून बना मुख्य आकर्षण

पुलिस बैंड की मधुर धुन में संपन्न हुई गणतंत्र दिवस परेड
रघुनाथ सेन
बडवानी:- 26 जनवरी 2025 को 76वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी के परेड ग्राउंड में भव्य परेड, राष्ट्रीय सलामी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस आयोजन की तैयारी पिछले कई दिनों से लगातार की जा रही थी।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रीय सलामी के साथ हुई। जिला दंडाधिकारी डॉ. राहुल हरिदास फटिंग और पुलिस अधीक्षक बड़वानी जगदीश डावर ने परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद सभी प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया गया और निर्धारित साफ-सुथरे गणवेश में उपस्थित बल ने हर्ष फायरिंग की। हर्ष फायरिंग के पश्चात विभिन्न प्लाटूनों द्वारा पंक्तिबद्ध मार्चपास्ट किया गया। इस वर्ष की परेड में पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर की अभिनव पहल पर सृजन बालिका प्लाटून को शामिल किया गया, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

गणतंत्र दिवस परेड के उपरांत जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। संगीत और नृत्य के माध्यम से उन्होंने देशभक्ति का संदेश दिया। पुलिस बैंड की मधुर धुन के साथ परेड संपन्न हुई। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल (रक्षित केंद्र, बड़वानी) ने किया। वहीं सेकंड इन कमांडर के रूप में सूबेदार उषा सिसोदिया ने विभिन्न प्लाटूनों का नेतृत्व किया। परेड में जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल (15वीं बटालियन, इंदौर), नगर सैनिक बल, एनसीसी, स्काउट और सृजन बालिका प्लाटून ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। गणतंत्र दिवस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस अधीक्षक ने यातायात प्रभारी और संबंधित अधिकारियों को पहले से ही दिशा-निर्देश जारी किए थे।

गणतंत्र दिवस परेड के इस भव्य आयोजन में जिले के सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

jtvbharat
Author: jtvbharat