
– भाजपा जिला कार्यालय पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया
– मातृशक्ति का श्रीफल भेंटकर किया सम्मान, अंगदान की घोषणाएं कीं
(कल्पेश सोनी राजू)
खरगोन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समूचे भारत की मातृशक्ति सशक्त व आत्मनिर्भर हुईं हैं। केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों की विभिन्न स्वरोजगारमूलक योजनाओं के माध्यम से वे न सिर्फ अपने पैरों पर खड़ी हुई हैं वरन अन्य महिलाओं को भी रोजगार दे रही हैं। परिवार, समाज व राष्ट्र के लिए मातृशक्ति के अमूल्य योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। केवल आज का दिन ही नहीं, उनका प्रत्येक दिन महिला दिवस है।
यह बात खरगोन भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे ने शनिवार को जिला कार्यालय पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला वित्तीय सशक्तिकरण एवं अंगदान पंजीकरण कार्यक्रम में कही। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश भावसार ने बताया कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अनुबाई तंवर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सरिता पाटीदार, महिला आयोग की पूर्व सदस्य ज्योति यवतिकर, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मंजुला मेवाड़े, पूर्व जिलाध्यक्ष धनलक्ष्मी शर्मा, खरगोन नपाध्यक्ष छाया जोशी, झिरन्या जनपद अध्यक्ष संगीता नार्वे आदि मंचासीन थीं। उन्होंने भारत माता, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी व पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्वागत भाषण देते हुए मोर्चा जिलाध्यक्ष सरिता पाटीदार ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताई तथा मरणोपरांत अंगदान की घोषणा की। जनपद अध्यक्ष संगीता नार्वे ने उपस्थित मातृशक्ति को महिला दिवस, भोंगर्या, होली, रंगपंचमी आदि त्योहारों की शुभकामनाएं दीं। नपाध्यक्ष छाया जोशी ने कहा समस्त महिलाएं शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनें। प्रदेश सदस्य मंजुला मेवाड़े ने कहा महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष धनलक्ष्मी शर्मा ने कविता के माध्यम से कहा “कोमल हैं, कमजोरी नहीं, शक्ति का नाम नारी हैं। सबको जीवन देने वाली, मौत भी तुमसे हारी हैं।” जिला पंचायत अध्यक्ष अनुबाई तंवर ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मातृशक्ति को आगे बढ़ने के अनेक अवसर प्रदान किए हैं। मेरे सहित अनेक महिलाएं इसका उदाहरण हैं।
भारत में युगों से पूजी जा रहीं हैं मातृशक्ति
महिला आयोग की पूर्व सदस्य ज्योति यवतिकर ने कहा भारत ही एकमात्र ऐसा देश है जहां युगों-युगों से मातृशक्ति की पूजा हो रही है। वे स्वयंवर के द्वारा अपनी पसंद का वर चुन सकती थीं। उन्हें समस्त मूलभूत अधिकार प्राप्त हैं। वे आज सर्वोच्च पदों पर चुनीं जा रही हैं। जबकि अनेक देशों में महिलाओं को मताधिकार तक प्राप्त नहीं है। इस्लामी देशों में तो उन्हें अधिकारों के लिए लड़ना पड़ रहा है। भाजपा में महिलाओं का सम्मान होता है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए मोर्चा की जिला महामंत्री गायत्री गोस्वामी ने कहा आत्मनिर्भर महिला अपने परिवार को भी सक्षम बनाती है। आभार नगर मंडल अध्यक्ष शीतल राठौर ने माना। कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री शीला पटेल, भावना वर्मा, आशा वासुरे सहित बड़ी संख्या में पार्षद, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता व पदाधिकारी बहनें उपस्थित थीं।
भैंस पालन कर अपनाया स्वरोजगार
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में स्वरोजगार अपनाकर स्वयं व घर-परिवार को सशक्त बनाने वाली मातृशक्ति का सम्मान किया गया। इनमें प्रमुख रूप से साधना चौहान, पार्वती तंवर, संध्या पाठक, शिवकन्या चौहान, कविता राय, अर्चना कदम, ज्योति मंडलोई, रेखा सावल्दे, पिंकी वर्मा, भारती राठौड़, रानू यादव, देवेंद्र तोमर, नीलाबाई सांवले का दुप्पट्टे व श्रीफल से सम्मानित किया गया। उक्त मातृशक्ति ने अपनी सफलता की कहानियां भी सुनाईं। अर्चना कदम ने भैंस पालन, पिंकी वर्मा ने कियोस्क के माध्यम से स्वरोजगार अपनाया। नर्सरी का संचालन करने वाली देवेंद्र तोमर ने अंगदान की घोषणा भी की।