
दमोह शहर के गार्ड लाइन स्थित प्राइवेट श्रीराम अस्पताल में एक मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय ब्रजलाल उर्फ हल्ले भाई पटैल के रूप में हुई है, जो फुटेरा वार्ड नंबर-4, बड़ी देवी दमोह के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, वे ब्रजलाल को इलाज के लिए श्रीराम अस्पताल ले गए थे, जहां उनकी हालत बिगड़ने लगी और उनके मुंह से झाग निकलने लगा। इसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गलत इलाज के कारण उनके पिता की मौत हुई है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं, श्रीराम अस्पताल के डॉक्टर सुरेंद्र पटेल ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने मरीज का सही इलाज किया था और परिजन अपनी मर्जी से मरीज को किसी अन्य अस्पताल में ले गए थे।
फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।