
तराना। जैन धर्म के 24वे तीर्थंकर भगवान महावीर के जन्म कल्याणक पर गुरुवार को सकल जैन समाज ने मंदिर से प्रभु महावीर का वरघोड़ा निकाला। वरघोड़े में वेदी जी में प्रभु को विराजमान कर समाजजन कंधे पर उठाकर निकले। बैंड बाजे के साथ वेदी में सवार महावीर के साथ समाजजन त्रिशला नंदन वीर की जय बोलो महावीर की के उदघोष के साथ चल रहे थे। समाजजन ने वेदी के समक्ष गहूली कर धर्म लाभ लिया। नगर में विभिन्न स्थानों पर चल समारोह का स्वागत पुष्प वर्षा कर किया गया। चल समारोह के पश्चात सकल जैन समाज का साधर्मिक स्वामीवात्सल्य हुआ। इस दौरान समाजजन ने नगर में जवाहर चौक स्थित जैन मंदिर के नव निर्माण के बाद होने वाले प्राण प्रतिष्ठा के संबंध में भी विचार विमर्श किया एवं आगामी रूपरेखा तय की। बड़ी संख्या में सकल जैन समाज जन उपस्थित थे।