
रविन्द्र खाण्डेकर
मण्डलेश्वर: ग्राम पंचायत जलूद में अंबेडकर जयंती पर आयोजित ग्राम सभा में जनप्रतिनिधियों और सचिव की गैरमौजूदगी को लेकर ग्रामीणों ने खरगोन कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल से गुहार लगाई थी। इस लापरवाही की खबरें विभिन्न समाचार पत्रों में भी प्रमुखता से प्रकाशित हुई थीं, जिस पर कलेक्टर सुश्री मित्तल ने त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रभावी कदम उठाया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से ग्राम पंचायत जलूद के प्रभारी सचिव कालूसिंह को पद से हटा दिया और ग्राम पंचायत झापड़ी के सचिव परमानंद पांडेय को जलूद का अतिरिक्त दायित्व सौंपने का आदेश जिला पंचायत सीईओ द्वारा जारी किया गया। इस आदेश के परिपालन में, आज शनिवार को सुबह 11 बजे सचिव परमानंद पांडेय ने ग्राम पंचायत जलूद पहुंचकर विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर बड़ी संख्या में उत्साहित ग्रामीणों ने उपस्थित होकर नवागत सचिव का भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री पांडेय को फूलमालाओं से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया। नए सचिव के आगमन से ग्राम पंचायत में विकास की एक नई उम्मीद की किरण दिखाई दे रही है।
कार्यभार संभालने के बाद, सचिव परमानंद पांडेय ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि कहा कि जैसे ही उन्हें पूर्व सचिव कालूसिंह पटेल से पंचायत का आधिकारिक रूप से चार्ज मिलता है, उसके बाद उनका एकमात्र लक्ष्य जलूद पंचायत में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि पंचायत में हर योजना को सुचारू रूप से संचालित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी, ताकि गांव के हर जरूरतमंद तक लाभ पहुंच सके।
इस दौरान ग्राम पंचायत जलूद शैलेन्द्र सेंगर, दिग्गी पटौद, मोनू ठाकुर, पप्पू कानुड़े, आशाराम बामने, मनीष चौहान, प्रेमचंद कानुड़े गोला, अनूप पटेल, हेमन्द्र पाटीदार, रवि कानुड़े, अनिल कानुड़े, कर्मठ भाजपा नेता दीपकसिंह ठाकुर, राजेश पंवार और सक्रिय मोबिलाइजर जितेंद्र मकवाने सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर भव्या मित्तल ने ग्रामीणों की शिकायत पर बिना किसी देरी के कार्रवाई करते हुए लापरवाह सचिव कालू सिंह पटेल को हटाया और उनकी जगह परमानंद पांडेय को जिम्मेदारी सौंपी। ग्रामीणों को पूर्ण विश्वास है कि नए सचिव के कुशल नेतृत्व में ग्राम पंचायत में लंबे समय से रुके हुए विकास कार्यों को अब गति मिलेगी और उनकी विभिन्न समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सकेगा। कलेक्टर भव्या मित्तल और जिला पंचायत सीईओ की इस तत्परता और संवेदनशीलता की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए जिला कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ के प्रति आभार व्यक्त किया है।