उमरबन में जिला स्तरीय मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह कल: 2100 जोड़ों का होगा विवाह, 8 जोड़ों का निकाह भी कराया जाएगा

सुनील मुनिया
मनावर:- धार जिले के उमरबन के पास केसरपुरा फाटे पर 30 अप्रैल को जिला स्तरीय मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे नर्मदा माइक्रो उद्गम सिंचाई योजना का शिलान्यास भी करेंगे।
कार्यक्रम में कुल 2100 जोड़ों का विवाह होगा, जिसमें 8 जोड़ो का निकाह भी शामिल है। इस विवाह को गायत्री मंत्रोच्चार के तथा मुस्लिम जोड़े के लिए मौलवी रस्म को संपन्न कराएंगे। आयोजन के लिए 30 हजार वर्ग फीट का विशाल पंडाल तैयार किया जाएगा। पंडाल में 5000 कुर्सियां लगाई जाएंगी। 32×15 का मंच बनाया जाएगा। गर्मी से राहत के लिए पानी के फव्वारों की व्यवस्था की जाएगी।
पीने के पानी की व्यवस्था के लिए आसपास की पंचायतों से 50 टैंकर और धार से 2000 केन मंगवाए जाएंगे। वर-वधू सहित दोनों पक्षों के 20 बारातियों को भोजन पैकेट दिए जाएंगे। प्रत्येक पैकेट में 8 पूरी, सेव, बेसन की चिक्की, हरी मिर्च और सब्जी होगी। कुल 45 हजार पैकेट तैयार किए जाएंगे। किराना सामान मनावर और इंदौर से मंगवाया गया है।
टेंट व्यवस्था की जिम्मेदारी धार के टेंट व्यवसायी को सौंपी गई है। भोजन पैकेट तैयार करने के लिए 20 हलवाई और 220 सहायक कार्यरत होंगे। कार्यक्रम स्थल के पास खेत में हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी। तैयारियों का जायजा लेने एसडीएम राहुल गुप्ता, एसडीएम प्रमोद गुर्जर, तहसीलदार कुणाल आवस्या और मनावर सीएमओ संतोष चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

jtvbharat
Author: jtvbharat