हिंदी पत्रकारिता दिवस पर नगर के युवा पत्रकार पीयूष कलोशिया सहित पत्रकारगण हुए सम्मानित।

( तराना में गरिमामय आयोजन, पत्रकारिता के मूल्यों को समर्पित रहा समारोह )
पियूष कलोसिया
तराना :- हिंदी भाषा में पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा को नमन करते हुए शुक्रवार को तराना नगर में “हिंदी पत्रकारिता दिवस” बड़े ही हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर के युवा, ऊर्जावान और निष्ठावान पत्रकार पीयूष कलोशिया को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं और पत्रकारिता के प्रति समर्पण के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह का आयोजन स्थानीय शासकीय विश्रामगृह (रेस्ट हाउस) में किया गया, जिसमें नगर के समस्त पत्रकारगणों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता और मार्गदर्शन वरिष्ठ पत्रकार सुभाष जोशी एवं वरिष्ठ पत्रकार किशन जोशी ने की, जिनकी उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम में पीयूष कलोशिया को पुष्पमाला, शाल एवं प्रतीक रूप में कलम भेंटकर सम्मानित किया गया, जो उनके पत्रकारिक योगदान की प्रतीक बनी।

( पत्रकारों के योगदान को मिला मंच )

इस अवसर पर नगर के अन्य पत्रकार साथियों को भी पुष्पगुच्छ, माला एवं प्रतीक चिन्ह के रूप में कलम भेंटकर सम्मानित किया गया। यह आयोजन केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों, सच्चाई, जनसरोकारों एवं निष्पक्षता की शपथ का भी मंच बन गया। सभी पत्रकारों ने एक-दूसरे को हिंदी पत्रकारिता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और भविष्य में पत्रकारिता के उच्च मानदंडों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

( आयोजन में रही पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी )

कार्यक्रम में नगर के सक्रिय और प्रतिष्ठित पत्रकारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें प्रमुख रूप से पत्रकार नईम आफताब , पत्रकार सैय्यद नियामत अली , पत्रकार विपिन मित्तल , पत्रकार लखन भाटी , पत्रकार कमल मालवीय , पत्रकार अजय परमार सहित अन्य पत्रकार उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन पत्रकार सैय्यद नियामत अली ने अत्यंत प्रभावी एवं भावपूर्ण तरीके से किया, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह एवं अनुशासन बना रहा।

( पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ )

इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने उद्बोधनों में कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और हिंदी पत्रकारिता ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य किया है। पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और सत्यनिष्ठ रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। इस गरिमामय आयोजन की जानकारी पत्रकार कमल मालवीय द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल पत्रकारों को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि समाज में पत्रकारिता की महत्ता को भी रेखांकित किया जाता है। रेस्ट हाउस पर आयोजित यह कार्यक्रम न केवल पत्रकारों के सम्मान का अवसर बना, बल्कि यह हिंदी पत्रकारिता के गौरव, जिम्मेदारियों और समाज में उसकी भूमिका का जीवंत उदाहरण भी प्रस्तुत करता है। युवा पत्रकार पीयूष कलोशिया जैसे समर्पित पत्रकारों को सम्मानित करना आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा प्रदान करता है।

jtvbharat
Author: jtvbharat