
विवेक मालवीय
राजगढ़:- राजगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पति का हैवानियत वाला रूप सामने आया जब उसने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक के चलते पत्नी के नाक और कान काटे, बल्कि उसके स्तन और गुप्तांगों पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस जघन्य हमले के बाद पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे शाजापुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
यह है पूरा मामला
घटना मंगलवार दोपहर लगभग दो बजे की बताई जा रही है जब राजगढ़ जिले के सारंगपुर के लीमाचौहान थाना क्षेत्र के पाडल्यामाताजी गांव में उक्त घटना घटित हुई जहां एक 35 वर्षीय सावित्री बाई ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार को अपने मायके से ससुराल आई थी। तभी उसके पति कमल वर्मा गुस्से से आग बबूला हो गया। कमल ने सावित्री बाई के चरित्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसने घर में ही रखा एक धारदार चाकू उठाया और सावित्री बाई की नाक, कान और सीने पर करीब 5-6 बार ताबड़तोड़ वार कर दिए। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, महिला के एक स्तन का 50 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा कट गया है, और उसके गुप्तांगों पर भी चाकू से वार किए गए हैं। सावित्री बाई की चीखने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी कमल वर्मा मौका पाकर फरार हो गया।
घायल पत्नी की हालत गंभीर, शाजापुर रेफर
जानकारी अनुसार हमले में सावित्री बाई बुरी तरह से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल सारंगपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर मनीष सूर्यवंशी ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत शाजापुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। यह हमला इतना क्रूरता पूर्वक निर्दय तरीके से किया गया था। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी पति ने उसे ऐसा घाव दिया है जो शायद कभी भर नहीं सकेगा।
पुलिस प्रकरण दर्ज कर रही आरोपी की तलाश
लीमाचौहान थाना प्रभारी अनिल राहोरिया ने बताया कि घायल महिला सावित्री बाई की रिपोर्ट पर आरोपी पति कमल वर्मा के खिलाफ हत्या के प्रयास (IPC की धारा 307 के तहत) का मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर उसे पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस को महिला ने बताया है कि आरोपी पति शादी के बाद से ही उस पर लगातार चरित्र शंका करता था, जिसके चलते वह पहले भी कई बार उसके साथ मारपीट कर चुका था। महिला ने कहा कि पति के बार-बार शक करने से उसके दिल को ठेस पहुंचती थी। महिला के घरवाले भी दोनों के बीच होने वाले झगड़ों से परेशान रहते थे। पुलिस फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दे रही है।