
आशीष वाणी
अलीराजपुर दिनांक – 09 जून, 2025:- पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर राजेश व्यास ने बताया कि कोतवाली पुलिस को दिनांक 06.06.2025 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक बोलेरो पिकअप वाहन, रजिस्ट्रेशन क्रमांक MP69G0895 में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर आम्बुआ की दिशा से अकलू रोड, इंदरसिंह की चौकी आम रोड की ओर आ रही है। उक्त सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम अकलू रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की एक सफेद बोलेरो पिकअप वाहन को पुलिस द्वारा रुकवाने का प्रयास करने पर वाहन चालक द्वारा वाहन को सड़क से नीचे उतारकर भागने का प्रयास किया गया, जिसे पुलिस बल द्वारा घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ा गया। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम कैलाश पिता रणजीत मेहड़ा, उम्र 25 वर्ष, जाति भील, निवासी ग्राम बोकडिया, पटेल फलिया, थाना चाँदपुर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पाया गया कि उक्त पिकअप वाहन में माउंट 6000 सुपर स्ट्रॉन्ग कंपनी की अवैध बीयर की कुल 163 पेटियाँ, जिनमें प्रत्येक में 24 टिन डिब्बे (प्रत्येक 500 मि.ली.) भरे हुए थे, भरी हुई पाई गईं। प्रत्येक पेटी में कुल 12 लीटर बीयर थी, इस प्रकार कुल मात्रा 1956 बल्क लीटर रही। शराब की अनुमानित बाजार मूल्य ₹4,49,880/- आँकी गई है।
आरोपी से जब उक्त शराब के संबंध में वैध अनुज्ञप्ति/परमिट प्रस्तुत करने को कहा गया, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी के कब्जे से प्रयुक्त वाहन बोलेरो पिकअप MP69G0895 जिसकी अनुमानित कीमत ₹8,00,000/- है, को भी विधिसम्मत रूप से जप्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर धारा 34(2), 46 मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने बताया कि अलीराजपुर पुलिस की अवैध शराब के विरूद्ध लगातार कार्यवाही जारी है। जिले मे अबतक कुल 612 प्रकरणों में 59067 लीटर अवैध शराब कीमती करीबन 2 करोड 37 लाख रूपये की जप्त की जा चुकी है तथा अवैध शराब परिवहन में करीबन 1 करोड 42 लाख रूपये के 13 वाहन भी जप्त किये गये हैं।