
महिला की हत्या उसके ही परिजनों के द्वारा की गई थी
आशीष वाणी
अलीराजपुर दिनांक – 09 जून, 2025:- पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर राजेश व्यास ने बताया कि दिनांक 06 जून 2025 को रात्रि लगभग 22:00 बजे थाना चंद्रशेखर आज़ाद नगर अंतर्गत ग्राम बरझर माल फलिया में सरजूबाई पति नरसिंह डामोर भील उम्र 52 वर्ष की उसके ही परिजनों द्वारा निर्मम हत्या किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। उक्त सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की गई तथा मृतिका की बहू आशा पति दिलीप डामोर उम्र 25 वर्ष ग्राम बरझर माल फलिया द्वारा दी गई मौखिक रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 285/2025 अंतर्गत धारा 103(1), 3(5), 351(2) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना का संक्षिप्त विवरण:फरियादिया आशा बाई ने बताया कि वह एवं उसकी सास सरजूबाई रात्रि भोजन उपरांत मकान की छत पर अलग-अलग बिस्तरों पर विश्राम हेतु लेटे हुए थे। इस दौरान लगभग 10:00 बजे मृतिका के देवरगण रामसिंह, शैतान तथा सनू डामोर हथियारों (कुल्हाड़ी, लट्ठ व ईंट) से लैस होकर छत पर आए और मृतिका सरजूबाई के ऊपर जानलेवा हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। हमले में कुल्हाड़ी से सिर एवं गर्दन पर वार किए गए तथा ईंट व लट्ठ से भी प्रहार किया गया। गंभीर रक्तस्राव के कारण घटनास्थल पर ही मृतिका की मृत्यु हो गई। घटना के पश्चात आरोपीगण मौके से फरार हो गए। फरियादिया द्वारा तत्काल अपने पति व अन्य परिजनों को सूचना दी गई।
आरोपीगण का विवरण: घटना के संबंध में साक्ष्य एवं परिस्थितियों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा सुनियोजित कार्रवाई करते हुए दिनांक 08.06.2025 को तीनों आरोपियों रामसिंह पिता मगन डामोर, सनू पिता हरसिंह डामोर एवं शैतान पिता हरसिंह डामोर
(सभी निवासी ग्राम बरझर माल फलिया) को उनके निवास से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर राजेश व्यास द्वारा घटना को अत्यंत गंभीरता/संवेदनशीलता से लेते हुए प्रकरण में तत्परता एवं निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश थाना प्रभारी आजादनगर को दिए गए थे, जिसके परिणामस्वरूप महज 24 घंटे के भीतर ही आरोपीगण को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ के दौरान घटना के पीछे पारिवारिक वैमनस्य की बात सामने आई है।