
संजय राठौड़ जिला ब्यूरो
आलीराजपुर:- आलीराजपुर कस्बे में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में चलाए गए अभियान में पुलिस ने वाहन चोरी के चार मामलों का खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है और उसके कब्जे से चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹1,30,000/- है।
कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी की लगातार हो रही वारदातों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अपने मुखबिर तंत्र को मजबूत किया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान, एक नाबालिग ने वर्ष 2025 में कोतवाली थाना में दर्ज तीनों घटनाओं, और वर्ष 2022 की एक अन्य घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
इन मामलों का हुआ खुलासा
22 जनवरी 2025 को इमरान मंसूरी निवासी अलीराजपुर की घर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP45MP0490) चोरी हुई थी। इस पर अपराध क्रमांक 41/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। इसके बाद 08 अप्रैल 2025 को अब्दुल बारी निवासी मुर्गी बाजार, अलीराजपुर द्वारा अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक GJ34D8507) की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिस पर अपराध क्रमांक 172/2025, धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज हुआ। इसी प्रकार 22 मई 2025 को दता पिता राजेंद्र भिलाडे, निवासी ग्राम केशरजवरदा, जिला बीदर (कर्नाटक), हाल मुकाम साईं सिटी अलीराजपुर द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक MP69ZD0246) दाहोद नाका स्थित पेट्रोल पंप के पास दुकान के बाहर से कोई अज्ञात व्यक्ति चुराकर ले गया। इस पर अपराध क्रमांक 249/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस टीम की सराहना
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक सोनू सिटोले, थाना प्रभारी कोतवाली, उनि. सुनील रन्दे, सउनि. सुकायला सोलंकी, सउनि. भेरूसिंह बघेल, सउनि. मुन्नालाल कटारे, सउनि. रामकुमार यादव, प्रआर. सुनील डुडवे, आर. गंगाराम, आर. नागरसिंह, आर. उदय, आर. अजय, आर. राकेश, आर. रविन्द्र और साइबर सेल के प्रधान आरक्षक दिलीप, आरक्षक राहुल, आरक्षक संदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अलीराजपुर राजेश व्यास ने इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पूरी टीम की सराहना की है।